हिन्दू नववर्ष पर छोटा रुणिजा धाम में भजन संध्या: गोकुल शर्मा देंगे भजनों की प्रस्तुति,तैयारियों को लेकर हुई बैठक

ललित चावला बिजौलिया | 03 Feb 2026

बिजौलिया। बिजौलिया क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल छोटा रुणिजा धाम, जलेरी नयानगर में आगामी मार्च माह में आयोजित होने वाले हिन्दू नववर्ष के अवसर पर भव्य भजन संध्या के आयोजन को लेकर तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन को सफल बनाने हेतु विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। 

हर वर्ष होता है विशाल आयोजन

छोटा रुणिजा धाम के गादीपति महंत हीरालाल ने बताया कि प्रतिवर्ष हिन्दू नववर्ष (चैत्र शुक्ल एकादशी) के अवसर पर बाबा रामदेव एवं चेतन्य कानिफनाथ की स्मृति में मंदिर परिसर में विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाता है। इस धार्मिक आयोजन में राजस्थान सहित गुजरात, मध्यप्रदेश, हरियाणा आदि राज्यों से हजारों श्रद्धालु दर्शन एवं भजनों का आनंद लेने पहुंचते हैं। बैठक में आगंतुक पूज्य संतों, भजन गायकों एवं श्रद्धालुओं के भोजन, आवास, सुरक्षा, मंच व्यवस्था, ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था सहित संपूर्ण आयोजन की रूपरेखा तय की गई।

गोकुल शर्मा होंगे मुख्य भजन गायक

महंत हीरा लाल जोगी ने बताया कि इस वर्ष आयोजित भजन संध्या में मुख्य भजन गायक गोकुल शर्मा सहित अन्य प्रसिद्ध भजन गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे। संस्कार भारती स्कूल बिजौलिया के संस्थापक घनश्याम सोनी ने हिन्दू नववर्ष पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की भव्यता को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर बाबा रामदेव के वंशज भी कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिससे आयोजन का धार्मिक महत्व और अधिक बढ़ जाएगा।

5 फरवरी से निकलेगा प्रचार रथ

मंदिर कमेटी के बहादुर बंजारा ने बताया कि आयोजन के प्रचार-प्रसार एवं दान संग्रह हेतु 5 फरवरी को “दाता भक्तों के द्वार” नामक एक रथ छोटा रुणिजा धाम से रवाना किया जाएगा। यह रथ हाड़ौती एवं मेवाड़ अंचल के कई गांवों का भ्रमण करते हुए 19 मार्च (हिन्दू नववर्ष) के दिन पुनः छोटा रुणिजा धाम पहुंचेगा। बैठक के अंत में हिन्दू नववर्ष एवं भजन संध्या कार्यक्रम के प्रचार हेतु तैयार किए गए मुद्रित पोस्टर, बैनर एवं अन्य प्रचार सामग्री का विधिवत विमोचन किया गया।


कई जिलों से गणमान्यजन रहे मौजूद

बैठक में रुणिचा धाम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष बाबूलाल बंजारा सहित विक्रम बंजारा, अनिल खटीक, राजू धाकड़, मांगीलाल धाकड़, रोहित रैगर, सुनील धाकड़, कमलेश धाकड़ उपस्थित रहे। इसके अलावा कोटा से धर्मेंद्र गौतम, ललिता जैन, बारां से मुकेश अग्रवाल, विक्की मंगल, राधा मित्तल, माया गुप्ता, संजय गर्ग, सवाई माधोपुर से धर्मेन्द्र वर्मा, मध्यप्रदेश के गुना से दीपक अग्रवाल, मुंबई से रौनक जैन तथा ऊपरमाल क्षेत्र से अजय यादव, रोडू बंजारा, रामू गुर्जर, चंद्रप्रकाश भील, सुरेश भील, शंकरनाथ सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Share this news:
Facebook WhatsApp