युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगाई: 30 प्रतिशत झुलसा, बाइक भी जलकर खाक हुई, प्रेम प्रसंग के मामला

ललित चावला बिजौलिया | 06 Feb 2026

30 प्रतिशत झुलसा, बाइक भी जलकर खाक हुई, प्रेम प्रसंग के मामला

बिजौलिया उपखंड क्षेत्र के मंडोलबांध गांव में शुक्रवार को  एक युवक को बंधक बनाकर उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई।  घटना में युवक करीब 30 प्रतिशत तक झुलस गया, जबकि उसकी बाइक भी पूरी तरह जलकर राख हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भीलवाड़ा रेफर किया गया है।

एसएचओ स्वागत पांड्या ने बताया कि दिलीप (18) पुत्र प्रकाश बंजारा निवासी फतेहपुरा डाबी (बूंदी) अपने एक रिश्तेदार से मिलने मंडोल गांव आया हुआ था।  घर पर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो बाद में हिंसक विवाद में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक की बाइक और उसके शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई।

घटना के दौरान उठते धुएं को देख वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि बाइक पूरी तरह जली हुई थी, जबकि युवक के हाथ, पीठ और बाल झुलसे हुए थे। पुलिस ने तत्काल घायल युवक को बिजौलिया अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया। 

इस संबंध में डॉक्टर अंसार खान ने बताया कि युवक के हाथ, पैर और मुंह झुलसे हुए हैं तथा करीब 30 प्रतिशत शरीर जल चुका है। फिलहाल पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि बाइक में आग कैसे लगी और युवक किन परिस्थितियों में झुलसा। दोनों पक्षों में से अभी तक किसी ने भी थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। पुलिस के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग के बताया जा रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।

Share this news:
Facebook WhatsApp