राणाजी का गुढ़ा हिन्दू सम्मेलन : विशाल दुपहिया वाहन रैली निकाली, गूंजे भारत माता के जयकारे, कल निकलेगी शोभायात्रा

ललित चावला बिजौलिया | 07 Feb 2026

बिजौलिया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे हिन्दू सम्मेलनों की श्रृंखला के अंतर्गत उपखण्ड के राणाजी का गुढ़ा कस्बे में शनिवार को विशाल दुपहिया वाहन रैली निकाली गई। रैली में सैकड़ों युवाओं की भागीदारी देखने को मिली, जिससे कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह माहौल बन गया।

देश भक्ति का ज्वार उमड़ा 
स्थानीय गोपाल बैरागी ने बताया कि वाहन रैली का शुभारंभ राणाजी का गुढ़ा से भारत माता के जयकारों के साथ हुआ। केसरिया ध्वज थामे युवा पूरे जोश और उत्साह के साथ रैली में शामिल हुए। रैली कस्बे के प्रमुख मार्गों से होती हुई आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से गुजरकर पुनः कस्बे में सम्पन्न हुई। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। उन्होंने बताया कि शनिवार रात्रि को भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे।

कल निकलेगी शोभायात्रा 
हिन्दू सम्मेलन को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। रविवार को भव्य शोभायात्रा एवं कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें आकर्षक झांकियों के साथ अखाड़ा प्रदर्शन भी किया जाएगा। हिन्दू सम्मेलन में नागाजी का बाग थडोद हनुमान मंदिर के महंत रामप्रिय दास का धर्ममय उद्बोधन होगा, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। यह आयोजन सकल हिन्दू समाज, राणाजी का गुढ़ा मण्डल सहित चम्पापुर, उम्मेदपुरा, सूरज विलास, दानपुरा, रेसुन्दा, आंट, मैरुपुरा, काली घाटी, झालों का डूंडा, आंटी, भगवानपुरा आदि गांवों के ग्रामीणों के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजन को लेकर क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक एकता का संदेश भी देखने को मिल रहा है।

Share this news:
Facebook WhatsApp