बिजौलिया में सिंगल यूज प्लास्टिक पर कार्रवाई: 11.6 किलो प्लास्टिक जब्त, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

ललित चावला बिजौलिया | 10 Feb 2026

 11.6 किलो प्लास्टिक जब्त, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

नगर पालिका ईओ पंकज मंगल और स्टाफ दुकानदारों से समझाइश करते हुए

बिजौलिया। नगर पालिका क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। भीलवाड़ा जिला कलेक्टर एवं स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर केके गुप्ता के निर्देशन में जिलेभर में 9 से 28 फरवरी तक सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
 
बिजौलिया नगर पालिका द्वारा सोमवार को मुख्य बाजार, सब्जी मंडी, बालाजी चौराहा, शक्करगढ़ चौराहा सहित विभिन्न सार्वजनिक व व्यावसायिक क्षेत्रों में निरीक्षण किया गया। इस दौरान व्यापारियों और आम नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में समझाइश दी गई तथा इसके उपयोग से पूरी तरह परहेज करने की अपील की गई। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों एवं उपयोगकर्ताओं के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। नगर पालिका के कार्मिक मोनू शक्तावत ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कुल 11 किलो 600 ग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया गया। यह अभियान नगर पालिका अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगल के नेतृत्व में संचालित किया गया, जिसमें नगर पालिका का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। ईओ पंकज मंगल ने स्पष्ट किया कि समझाइश के बावजूद यदि कोई नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share this news:
Facebook WhatsApp