माण्डलगढ़ एचडीएफसी बैंक शाखा में एलडीएन मेला सम्पन्न : ग्राहकों को मिले नए एवं कड़क नोट, शाखा प्रबंधक ने साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए

ललित चावला बिजौलिया | 11 Feb 2026

ग्राहकों को मिले नए एवं कड़क नोट, शाखा प्रबंधक ने साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए

बैंक शाखा में रही ग्राहकों की भीड़

माण्डलगढ़ (पीरू मोहम्मद मंसूरी)। एचडीएफसी बैंक शाखा में बुधवार को एलडीएन (लार्ज डिनॉमिनेशन नोट) मेला आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्राहकों ने भाग लिया। मेले के दौरान बैंक द्वारा ग्राहकों को 10 व 20 रुपए के प्रचलित पुराने नोटों के बदले नए एवं कड़क नोट प्रदान किए गए।

सुबह से ही रही ग्राहकों की भीड़

शाखा परिसर में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली। बैंक कर्मचारियों ने सुव्यवस्थित व्यवस्था के  माध्यम से ग्राहकों को सेवा दी। कई व्यापारियों और आम नागरिकों ने छोटे नोटों की उपलब्धता पर संतोष जताया और बैंक की पहल की सराहना करते हुए कड़क नोट हांसिल कर खुशी जताई।

साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए

इस अवसर पर शाखा प्रबंधक मोहम्मद निजामुद्दीन ने उपस्थित ग्राहकों को  साइबर फ्रॉड से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए। कार्यक्रम में मनी म्युल अकाउंट की जानकारी दी गई।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल लेन-देन बढ़ने के साथ साइबर अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए सतर्क रहना बेहद आवश्यक है।एचडीएफ़सी बैंक शाखा उप प्रबंधक अभिषेक पारीक ने बैंक के उपभोक्ताओं को बताया कि किसी भी अनजान कॉल पर अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या एटीएम पिन साझा न करें।संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। केवल अधिकृत बैंकिंग ऐप और वेबसाइट का ही उपयोग करें। मोबाइल पर आए किसी भी लुभावने ऑफर या इनाम के झांसे में न आएं।

पेंपलेट वितरित किए, ग्राहकों ने जताया आभार

बैंक समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्राहकों को सुरक्षित बैंकिंग के प्रति जागरूक करता रहता है। मेले के दौरान साइबर सुरक्षा संबंधी पेम्फलेट भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में ग्राहकों ने बैंक प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

Share this news:
Facebook WhatsApp