नवकुंडीय महायज्ञ पूर्णाहुति: श्रीराम जानकी व शिव परिवार मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा संपन्न, 50 लाख की लागत से बने सामुदायिक भवन का लोकार्पण
ललित चावला बिजौलिया | 11 Feb 2026
सामुदायिक भवन का लोकार्पण करते हुए पूर्व जिला प्रमुख इंजी. कन्हैया लाल धाकड और अतिथि
बिजौलिया। उपखंड क्षेत्र के सदारामजी का खेड़ा में बुधवार को भगवान श्रीराम–जानकी एवं शिव परिवार की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा तथा नवकुंडीय श्रीराम महायज्ञ का भव्य आयोजन पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ। पांच दिनों तक चले धार्मिक अनुष्ठानों के समापन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
इस अवसर पर ग्रामीणों के सहयोग से लगभग 50 लाख रुपये की लागत से नव निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण भीलवाड़ा के पूर्व जिला प्रमुख इंजीनियर कन्हैया लाल धाकड़ के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री धाकड़ महासभा प्रदेश अध्यक्ष एवं विवेक सुषमा धाकड़ स्मृति चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष दीपशिखा धाकड़ ने की।
समारोह में थड़ोदा प्रशासक राजेश कुमार धाकड़, श्री धाकड़ महासभा के राष्ट्रीय मंत्री राजू लाल धाकड़, महामंत्री पप्पू लाल धाकड़, 26वें सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति अध्यक्ष ओमप्रकाश धाकड़, शंकर लाल धाकड़, बंसी लाल धाकड़ एवं प्रभु लाल धाकड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे अतिथियों का स्वागत विवेक सुषमा धाकड़ स्मृति चैरिटेबल ट्रस्ट के सचिव गोपाल लाल धाकड़, ट्रस्टी रमेश धाकड़ एवं ग्रामवासियों द्वारा साफा व माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीण
पांच दिवसीय कार्यक्रम के दौरान वेद मंत्रों के उच्चारण के बीच नवकुंडीय यज्ञ, हवन, पूजन एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आचार्य दुर्गेश भट्ट के सान्निध्य में विधिवत संपन्न हुए। कार्यक्रम के समापन पर महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।