बिजौलिया पुलिस थाने के तीन कांस्टेबल बने हेड कांस्टेबल: 14 दिन की विभागीय ट्रेनिंग के बाद बनेंगे अनुसंधान अधिकारी
ललित चावला बिजौलिया | 13 Feb 2026
बिजौलिया। पुलिस विभाग द्वारा 1 फरवरी को आयोजित पदोन्नति परीक्षा में सफलता हासिल करते हुए बिजौलिया पुलिस थाने में तैनात तीन कांस्टेबलों का हेड कांस्टेबल (दीवान) पद पर प्रमोशन हुआ है। थाने के कांस्टेबल मनीष कुमार, जुगराज मीणा और संगीता कुमारी परीक्षा में उत्तीर्ण हुए हैं। तीनों पदोन्नत कर्मी इसी माह 14 दिवसीय विभागीय प्रशिक्षण में भाग लेने जाएंगे। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद उन्हें अनुसंधान अधिकारी (आईओ) के रूप में दायित्व सौंपा जाएगा। इससे थाने में लंबित प्रकरणों के निस्तारण में तेजी आने की उम्मीद है।
सीआई स्वागत पांड्या के साथ 30 पुलिसकर्मियों का स्टाफ
वर्तमान में बिजौलिया पुलिस थाने में थाना प्रभारी सीआई स्वागत पांड्या के नेतृत्व में एएसआई नरेश शर्मा, लक्ष्मण सिंह और सुनील कुमार कार्यरत हैं। साथ ही हेड कांस्टेबल विजय सिंह और हरि सिंह सेवाएं दे रहे हैं। प्रशिक्षण के बाद मनीष कुमार, जुगराज मीणा और संगीता कुमारी भी हेड कांस्टेबल के रूप में अनुसंधान कार्य संभालेंगे।
इसके अलावा थाने में 21 कांस्टेबल एवं कालिका टीम की 4 महिला पुलिसकर्मी तैनात हैं। कुल मिलाकर थाने में 30 पुलिसकर्मी कार्यरत हैं।
कास्या और भोपतपुरा पुलिस चौकियों पर भी पुलिस की तैनाती
क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए थाने पर अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी हैं, क्योंकि थाना क्षेत्र मध्यप्रदेश सीमा से सटी कांस्या चौकी तथा बूंदी जिले की सीमा से सटी भोपतपुरा चौकी को भी कवर करता है। पदोन्नति से पुलिसकर्मियों में उत्साह का माहौल है। विभागीय स्तर पर इसे बेहतर कार्य निष्पादन और अनुसंधान कार्य में मजबूती की दिशा में सकारात्मक कदम माना जा रहा है।