वार्षिकोत्सव कार्यक्रम संपन्न : देव डूंगरी पर हुआ भव्य आयोजन, बोर्ड विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई
ललित चावला बिजौलिया | 14 Feb 2026
मांडलगढ़ के पूर्व प्रधान गोपाल मालवीय का स्वागत करते हुए स्कूल के निदेशक घनश्याम सिंह कानावत
बिजौलिया। बरड क्षेत्र के बुधपुरा स्थित विवेकानंद विद्या निकेतन का वार्षिकोत्सव कार्यक्रम बिजौलिया की देव डूंगरी पर हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सम्मान समारोह और पुरस्कार घोषणाओं से कार्यक्रम में उत्सव जैसा माहौल रहा।
दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मांडलगढ़ के पूर्व प्रधान गोपाल मालवीय एवं अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से निदेशक घनश्याम कानावत ने अतिथियों का माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर पारंपरिक स्वागत किया।
रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने राजस्थानी, मारवाड़ी और बॉलीवुड गीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न पारंपरिक एवं आधुनिक वेशभूषा में बच्चों ने नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। मंच पर देशभक्ति, लोकसंस्कृति और समसामयिक विषयों पर आधारित प्रस्तुतियां भी दी गईं।
बोर्ड विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई
कक्षा 7वीं एवं 9वीं के छात्र-छात्राओं ने बोर्ड कक्षाओं 8वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों को तिलक लगाकर एवं लच्छा बांधकर भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि गोपाल मालवीय ने बोर्ड परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए सफलता के लिए प्रेरित किया तथा अन्य विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मिलेगी पुरस्कार राशि
कार्यक्रम में महाकाल ग्रुप, बुधपुरा द्वारा घोषणा की गई कि आगामी बोर्ड परीक्षा में कक्षा 8वीं एवं 10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः 5,000 एवं 10,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इस घोषणा से विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखा गया। कार्यक्रम का संचालन महेश चित्तौड़ा ने किया, जबकि अंत में विद्यालय निदेशक घनश्याम कानावत ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर सुगनचंद धाकड़, कमलेश धाकड़, महाकाल ग्रुप बुधपुरा के नानूराम, किशन मखाना, आजाद शर्मा, योगेश, राजेश यादव, सहदेव, हेमंत, भंवर हाड़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।