बिजौलिया में खातेदारी भूमि पर अवैध खनन: राजस्व और खनिज विभाग मौन, काटबड़ा में हो रहा अवैध खनन, एसपी को लिखा पत्र

ललित चावला बिजौलिया | 16 Feb 2026

राजस्व और खनिज विभाग मौन, काटबड़ा में हो रहा अवैध खनन, एसपी को लिखा पत्र

अवैध तरीके से सेंड स्टोन का दोहन कर पत्थरों का स्टॉक किया गया

बिजौलिया। क्षेत्र के काटबड़ा खनन इलाके में खातेदारी भूमि पर अवैध खनन का मामला सामने आया है। शिकायतों के बावजूद राजस्व और खनिज विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने पर जिला पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा को पत्र लिखकर खनन कार्य तत्काल बंद करवाने की मांग की गई है।

शिकायत के अनुसार काटबड़ा निवासी एक किसान की खातेदारी भूमि ग्राम काटबड़ा, पटवार हल्का कांस्या, तहसील बिजौलिया में स्थित है। बताया गया है कि करीब 15–20 वर्ष पूर्व इस भूमि पर पत्थरों की चारदीवारी करवाई गई थी, जिसे खनन माफियाओं ने जेसीबी से तोड़ दिया गया। आरोप है कि यहां मशीनों से अवैध खनन शुरू कर दिया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार अब तक 15–20 डम्पर बेशकीमती सेंड स्टोन मौके से निकाला जा चुका है और खुलेआम परिवहन किया जा रहा है। मामले की सूचना पुलिस चौकी कांस्या और पुलिस थाना बिजौलिया को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत में यह भी आरोप है कि खातेदारी भूमि के निकट स्थित सरकारी भूमि पर भी बड़े पैमाने पर सेंड स्टोन का अवैध खनन हो रहा है, जिससे सरकार को लाखों रुपए के राजस्व की हानि पहुंच रही है।

इनका कहना

खनिज विभाग के माइनिंग फोरमैन गिरिराज मीणा ने बताया कि पूर्व में इस मामले में शिकायत मिली थी, हमने मौके पर जाकर अवैध खनन बंद करा पंचनामा बनाया था। फिलहाल काटबडा में खातेदारी भूमि या राजस्व भूमि पर अवैध खनन नहीं किया जा रहा है।

Share this news:
Facebook WhatsApp