केसुविलास में दिनदहाड़े चोरी, डेढ़ किलो चांदी पार: 10 फीट ऊंची दीवार फांदकर घर में घुसे चोर, आभूषण और नकदी लेकर फरार
ललित चावला बिजौलिया | 16 Feb 2026
बिजौलिया। कस्बे से करीब चार किलोमीटर दूर स्थित केसुविलास गांव में सोमवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। अज्ञात चोर सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 10 फीट ऊंची पत्थरों की दीवार फांदकर घर में घुसे और लोहे के बक्से का ताला तोड़कर करीब डेढ़ किलो चांदी के आभूषण व नकदी चोरी कर ले गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मजदूरी और खेत पर गए थे परिजन
पीड़ित सुगन लाल किराड़ ने बताया कि वह सुबह मजदूरी के लिए घर से बाहर गया हुआ था। बेटा और बहू भी खेत पर काम करने गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया।
संदूक का ताला तोड़कर जेवरात पार
चोरों ने कमरे का दरवाजा खोलकर ताक में रखे लोहे के संदूक का ताला तोड़ा। उसमें रखे करीब डेढ़ किलो वजनी चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी हुए आभूषणों में बिछुड़ी, गले की चेन, हाथों के कंगन सहित अन्य जेवर शामिल बताए गए हैं। इसके अलावा करीब दो हजार रुपये की नकदी भी ले गए।
अन्य कमरों में भी की तोड़फोड़
चोरों ने घर के अन्य कमरों के दरवाजे भी तोड़ डाले और सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया। दोपहर करीब एक बजे जब पीड़ित का पोता स्कूल से घर लौटा तो मुख्य गेट पर ताला लटका देख और अंदर सामान बिखरा हुआ पाकर घटना की जानकारी हुई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई कालूराम मीणा ने बताया कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर निरीक्षण किया गया है। अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।