विधानसभा में गूंजी मांडलगढ़ के विकास की आवाज: मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल ने ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और जन-सुविधाओं के विस्तार की रखीं विशेष मांगे

ललित चावला बिजौलिया | 17 Feb 2026

मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल ने ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और जन-सुविधाओं के विस्तार की रखीं विशेष मांगे

बिजौलिया। राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र 2026-27 के दौरान मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल ने सोमवार को सदन में अपने क्षेत्र की जनता की समस्याओं और विकास संबंधी मुद्दों को प्रखरता से उठाया। उन्होंने मांडलगढ़ की ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण, प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण और जन-सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।

विधायक ने विश्व प्रसिद्ध मांडलगढ़ किले के जीर्णोद्धार, तोपखाना, कचहरी और रामद्वारा की मरम्मत, संग्रहालय निर्माण तथा ऐतिहासिक सागर-सागरी बावड़ी के संरक्षण की मांग की। साथ ही महाराणा सांगा और महाराणा प्रताप के स्मारक निर्माण का भी आग्रह किया।

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सिंगोली चारभुजा नाथ मंदिर के नवनिर्माण एवं विकास कार्य को प्राथमिकता देने की बात कही गई।

प्रशासनिक एवं न्यायिक विस्तार के तहत मांडलगढ़ में एडीजे (ADJ) कोर्ट की स्थापना तथा बड़लियास उप-तहसील को पूर्ण तहसील में क्रमोन्नत करने की मांग रखी गई।

स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए नंदराय और बरूंधनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में उन्नत करने तथा ककरोलिया घाटी, मोहनपुरा, गेंदलिया, मंशा और गेहूली के उप-स्वास्थ्य केंद्रों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में क्रमोन्नत करने का प्रस्ताव रखा गया।

रोजगार सृजन के तहत सैंडस्टोन खनन क्षेत्र में सिंचित भूमि पर आवंटन हेतु ऐसी नीति बनाने की मांग की गई, जिससे अवैध खनन पर रोक लगे और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके।

विद्युत सुधार के लिए मानपुरा में सहायक अभियंता कार्यालय खोलने तथा आरोली और श्रीनगर में 33 केवी जीएसएस (GSS) की स्थापना की मांग भी उठाई गई।

Share this news:
Facebook WhatsApp