हाईवे पर दौड़ती एम्बुलेंस बनी डिलीवरी रूम: ईएमटी की सूझबूझ से सुरक्षित जन्मा बेटा

ललित चावला बिजौलिया | 19 Feb 2026

ईएमटी की सूझबूझ से सुरक्षित जन्मा बेटा

बिजौलिया। उप जिला अस्पताल बिजौलिया से क्रिटिकल स्थिति में भीलवाड़ा रेफर की गई गर्भवती महिला ने रास्ते में ही 108 एम्बुलेंस में सुरक्षित रूप से पुत्र को जन्म दिया। ईएमटी की तत्परता और सूझबूझ से जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। घटना गुरुवार रात की है।

जानकारी के अनुसार बिजौलिया के आंट सतकुडीय निवासी सुमित्रा देवी पत्नी संजय कुमार को प्रसव पीड़ा के चलते बिजौलिया उप जिला अस्पताल से भीलवाड़ा के लिए रेफर किया गया था। एम्बुलेंस जब मांडलगढ़ से आगे सवाईपुर कस्बे के पास नेशनल हाईवे पर पहुंची, तभी महिला को अत्यधिक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एम्बुलेंस चालक ने वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोका।

इस दौरान ईएमटी विश्वजीत सिंह ने तत्काल आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया अपनाते हुए एम्बुलेंस में ही सफलतापूर्वक प्रसव करवाया। महिला ने स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा दोनों को प्राथमिक देखभाल देते हुए भीलवाड़ा के महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद महिला एवं उसके परिजनों ने 108 एम्बुलेंस स्टाफ का आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय कार्य में पायलट विजेश खटीक का भी विशेष सहयोग रहा।

Share this news:
Facebook WhatsApp