बिजौलिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई : एनडीपीएस, लूट और वारंट मामलों में 4 वांछित आरोपी गिरफ्तार
ललित चावला बिजौलिया | 21 Feb 2026
बिजौलिया पुलिस ने विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक विशेष अभियान के तहत की गई, जिसमें एनडीपीएस, लूट और स्थाई गिरफ्तारी वारंट से जुड़े मामले शामिल हैं।
एसएचओ स्वागत पांड्या ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत करीब दो साल से फरार चल रहे मांगीलाल तंवर (30) को झालावाड़ से हिरासत में लिया गया। मांगीलाल पिपलिया नग्गा, थाना रतलाई, जिला झालावाड़ का निवासी है। अनुसंधान के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वह बिजौलिया थाने में भी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित था। इस मामले में पहले भी दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
एक अन्य कार्रवाई में, पुलिस टीम ने गश्त के दौरान दबिश देकर परमेश्वर (25) कंजर को गिरफ्तार किया। परमेश्वर चिताबड़ा, थाना बिजौलिया का निवासी है और रायपुर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत वांछित था। उसके खिलाफ राजस्थान के विभिन्न थानों में कुल 8 मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी को रायपुर थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने वांछित स्थाई गिरफ्तारी वारंटी मनोज को भी गिरफ्तार किया। मनोज चिताबड़ा, थाना बिजौलिया का रहने वाला है। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
17 फरवरी को लक्ष्मीखेड़ा निवासी मदनलाल धाकड़ ने एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया गया था कि 5 फरवरी को उनकी पत्नी के साथ खेत पर अज्ञात बदमाशों ने डराकर सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए थे। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए नरेश कंजर (23) निवासी चिताबड़ा को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान नरेश ने वारदात को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में एसएचओ स्वागत पांड्या, एएसआई सुनील बेनिवाल, कांस्टेबल राजवीर, नरेंद्र, शिवपाल, मनोज और विश्राम की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।