बिजौलिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एनडीपीएस, लूट और वारंट मामलों में 4 वांछित आरोपी गिरफ्तार
ललित चावला बिजौलिया | 21 Feb 2026
बिजौलिया। बिजौलिया पुलिस ने विभिन्न प्रकरणों में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एनडीपीएस, लूट और स्थाई गिरफ्तारी वारंट के मामले शामिल हैं।
एनडीपीएस एक्ट में 2 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार
एसएचओ स्वागत पांड्या ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट में करीब दो वर्षों से फरार चल रहे आरोपी मांगीलाल तंवर (30) निवासी पिपलिया नग्गा, थाना रतलाई, जिला झालावाड़ को झालावाड़ से डिटेन कर अनुसंधान के बाद गिरफ्तार किया गया। आरोपी थाना बिजौलिया के एनडीपीएस एक्ट में भी वांछित था। इस प्रकरण में पूर्व में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
रायपुर थाने के लूट मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने गश्त के दौरान दबिश देकर परमेश्वर (25) कंजर निवासी चिताबड़ा थाना बिजौलिया को गिरफ्तार किया। आरोपी पुलिस थाना रायपुर में आर्म्स एक्ट में वांछित था, इसके विरुद्ध राजस्थान के विभिन्न थानों में 8 प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी को रायपुर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
स्थाई गिरफ्तारी वारंटी गिरफ्तार
वांछित स्थाई गिरफ्तारी वारंटी मनोज निवासी चिताबड़ा थाना बिजौलिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
खेत में महिला से लूट का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
17 फरवरी को प्रार्थी मदनलाल धाकड़ निवासी लक्ष्मीखेड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 फरवरी को उनकी पत्नी के साथ खेत पर अज्ञात बदमाशों ने डराकर सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नरेश कंजर (23) निवासी चिताबड़ा को डिटेन कर पूछताछ की, जिसमें उसने वारदात स्वीकार की। उसे गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस टीम में एसएचओ स्वागत पाण्डया एएसआई सुनील बेनिवाल, कांस्टेबल राजवीर, नरेन्द्र, शिवपाल, मनोज, विश्राम का योगदान रहा।