5 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार: 2 किमी पीछा कर पुलिस ने दबोचा, एमपी पुलिस कस्टडी से फरार हुआ था बदमाश

ललित चावला बिजौलिया | 02 Mar 2026

 2 किमी पीछा कर पुलिस ने दबोचा, एमपी पुलिस कस्टडी से फरार हुआ था बदमाश

बिजौलिया। मध्यप्रदेश पुलिस की कस्टडी से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के शातिर इनामी आरोपी को बिजौलिया पुलिस ने पीछा करने के बाद गिरफ्तार कर लिया। नाकेबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन 2 किलोमीटर तक कच्चे-पथरीले रास्तों पर पीछा करके उसे दबोच लिया गया।

पुलिस के अनुसार नयानगर मागू की वाल्द नयानगर थाना बिजौलिया क्षेत्र निवासी सुनील (19) पुत्र विजय सिंह बंजारा मध्यप्रदेश में एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित था। वह एमपी पुलिस की कस्टडी से फरार हो गया था, जिसके बाद उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी की कई दिनों से एमपी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही थी।

थाना प्रभारी स्वागत पांड्या ने बताया कि आरोपी के सलवटिया क्षेत्र में छिपे होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही एएसआई नरेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल इलाके में नाकेबंदी कर दबिश दी। इसी दौरान पुलिस को देखकर एक युवक बाइक पर सवार होकर तेजी से भाग निकला। पुलिस ने बिना देर किए पीछा शुरू कर दिया। आरोपी कच्चे और पथरीले रास्तों से बाइक दौड़ाता रहा, लेकिन पुलिस टीम ने करीब 2 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। बिजौलिया पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस कार्रवाई में कांस्टेबल हेमाराम कि मुख्य भूमिका रही।

Share this news:
Facebook WhatsApp