गर्मीयों में पक्षियों के लिए संवेदना की पहल: उमा जी के खेड़ा स्कूल में 21 परिंडे लगाए, स्टाफ सदस्य अर्जुन कोली की पहल
ललित चावला बिजौलिया | 07 Mar 2026
बिजौलिया। गर्मी की शुरुआत होते ही बेजुबान पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने की पहल उमा जी के खेड़ा उच्च माध्यमिक विद्यालय में देखने को मिली। स्कूल के स्टाफ सदस्य अर्जुन कोली ने विद्यालय परिसर में 21 मिट्टी के परिंडे लगाकर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था की।
अर्जुन कोली ने बताया कि होली के बाद गर्मी का मौसम शुरू होते ही पक्षियों को पानी की काफी परेशानी होती है। इसे ध्यान में रखते हुए हर साल की तरह इस वर्ष भी उन्होंने स्वयं के खर्चे से विद्यालय परिसर में पेड़ों की टहनियों पर 21 परिंडे लगाए हैं, ताकि पक्षियों को आसानी से पानी मिल सके। उन्होंने यह भी संकल्प लिया कि इन परिंडों में प्रतिदिन पानी भरकर पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था बनाए रखेंगे। इस पहल से स्कूल परिसर में आने वाले पक्षियों को गर्मी के दिनों में राहत मिलेगी।
अर्जुन के इस नेक कार्य की ग्रामीणों और स्कूल स्टाफ ने सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य कुलदीप कैलानी, पीटीआई सोहराब हुसैन, कमलेश मीणा, विनोद पटवा, लीलाधर डाबी सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे।