जोगणियां माताजी में चैत्र नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ: कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
ललित चावला बिजौलिया | 20 Mar 2026
बिजौलिया। मेवाड़ क्षेत्र के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्रीजोगणियां माताजी मंदिर में गुरुवार को चैत्र नवरात्रि महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। श्री जोगणियां माताजी मंदिर में आयोजित इस महोत्सव की शुरुआत विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ द्वारा ध्वजारोहण एवं घट स्थापना के साथ की गई। इसके साथ ही मंदिर परिसर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई।
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर सरोवर से मंदिर तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन की धुन पर झूमते नजर आए और पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल बना रहा।
विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में जोगणियां माता शक्तिपीठ संस्थान के अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी, मैढकैश्वर महादेव मंदिर के महंत नंदकिशोर दास महाराज सहित प्रशासनिक अधिकारी और कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नवरात्रि मे आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रम
मंदिर में मां महाकाली, मां महालक्ष्मी और मां सरस्वती की प्रतिमाओं का आकर्षक श्रृंगार किया गया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ पूजा-अर्चना एवं महाआरती की गई। वेद विद्यालय के पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण से वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो उठा।
संस्थान अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने बताया कि नवरात्रि महोत्सव के तहत पंचकुण्डीय यज्ञ, लक्ष्यचंडी पारायण एवं अखण्ड रामायण पाठ जैसे धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। वहीं, प्रतिदिन रात्रि में वृंदावन के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन भी किया जाएगा।
महोत्सव के अंतर्गत 21 एवं 25 मार्च को भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। 26 मार्च को दुर्गाष्टमी के अवसर पर महारात्रि जागरण का आयोजन होगा, जिसमें पूरी रात श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की विशेष व्यवस्था रहेगी।
महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही जोगणियां माताजी परिसर में नवरात्रि मेले की भी शुरुआत हो गई है, जहां दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी