बिजौलिया के राजकीय विद्यालय ने दसवीं बोर्ड परीक्षा में लहराया परचम: 92% रहा परिणाम, कस्बे में हर्ष का माहौल

ललित चावला बिजौलिया | 25 Mar 2026

 92% रहा परिणाम, कस्बे में हर्ष का माहौल

बिजौलिया। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा  मंगलवार को घोषित दसवीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिजौलिया के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस वर्ष विद्यालय का कुल परीक्षा परिणाम 92 प्रतिशत रहा।

विद्यालय के छात्र कृष मेहर ने 93.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं सलोनी राठौर ने 84.67 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। नीलम कुमारी धाकड़ ने 83.17 प्रतिशत अंक अर्जित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा किरण बंजारा ने 82.50 प्रतिशत अंक के साथ चतुर्थ स्थान और काली कुमारी मीणा ने 79.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पंचम स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय के कुल 29 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की, जबकि 20 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की। खास बात यह रही कि विद्यालय की 6 बालिकाएं गार्गी पुरस्कार के लिए चयनित हुई हैं, जो विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। विद्यालय के प्रधानाचार्य दिलीप सिंह ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Share this news:
Facebook WhatsApp