हनुमान जन्मोत्सव पर बिजौलिया खुर्द में हुए धार्मिक आयोजन: 56 भोग, भव्य जुलूस और संगीतमय सुंदरकांड से गूंजा गांव
ललित चावला बिजौलिया | 03 Apr 2026
बिजौलिया। ब्लॉक के बिजौलिया खुर्द (छोटी बिजौलिया) स्थित बावड़ी के बालाजी मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर दो दिवसीय धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत बुधवार रात्रि को सामूहिक संगीतमय सुंदरकांड पाठ और भजन संध्या से हुई। भजनों की मधुर धुनों और हनुमान जी के जयकारों से मंदिर परिसर देर रात तक गूंजता रहा। गुरुवार को बालाजी महाराज का भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें घोड़ी, बैंड-बाजे, सजी-धजी बग्गियां और पारंपरिक कच्छी घोड़ी नृत्य आकर्षण का केंद्र रहे। जुलूस में भगवान श्रीराम, सीता माता, लक्ष्मण और हनुमान जी की जीवंत झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्हें देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।
जुलूस पूरे गांव में भ्रमण करते हुए बड़े मंदिर, छोटे मंदिर और तेजाजी मंदिर पहुंचा, जहां आरती कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। जुलूस के पुनः मंदिर पहुंचने पर बालाजी महाराज की महाआरती की गई और 56 भोग अर्पित किया गया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे मौजूद रहे।
मंदिर में नियमित रूप से सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया जाता है तथा प्रत्येक मंगलवार शाम को रामफेरी निकाली जाती है। मंदिर परिसर के विकास कार्यों में स्थानीय भामाशाहों का विशेष सहयोग मिल रहा है। मंदिर परिसर में नर्मदेश्वर महादेव की स्थापना भी महाशिवरात्रि पर की गई थी। यहां अखंड ज्योत भी चल रहीं है।