बिजौलिया में इतिहासकार सज्जन पोसवाल का दौरा : किसान आंदोलन और विरासत स्थलों का किया अवलोकन

ललित चावला बिजौलिया | 08 Apr 2026

किसान आंदोलन और विरासत स्थलों का किया अवलोकन

बिजौलिया। राजस्थान कर्मचारी चयन आयोग की सदस्य एवं प्रसिद्ध इतिहासकार सज्जन पोसवाल मंगलवार को उदयपुर जाते समय बिजौलिया क्षेत्र में विभिन्न स्थानों का दौरा करते हुए यहां की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू हुईं। इस दौरान वे संस्कार भारती सीनियर सेकेंड्री स्कूल पहुंचीं, जहां स्कूल के निदेशक आदर्श सोनी ने उनका स्वागत किया। विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राजपरिवार से जुड़े मृत्युंजय सिंह, हर्षेंदा कंवर, शक्ति नारायण शर्मा, कन्हैयालाल शर्मा सहित अन्य उपस्थित जनों ने उन्हें बिजौलिया किसान आंदोलन और क्षेत्र के समृद्ध इतिहास की विस्तृत जानकारी दी।

इसके पश्चात सज्जन पोसवाल ने उमाजी का खेड़ा में स्वतंत्रता सेनानी माणिक्य लाल वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा बिजौलिया स्थित पथिक पार्क में विजय सिंह पथिक की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उमाजी का खेड़ा में भूरालाल धाकड़ के परिवार, विद्यालय स्टाफ एवं गोपाललाल शर्मा के परिजनों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया।

उमाजी का खेड़ा में स्वतंत्रता सेनानी माणिक्य लाल वर्मा की मूर्ति पर माल्यार्पण किया

उमाजी का खेड़ा में स्वतंत्रता सेनानी माणिक्य लाल वर्मा की मूर्ति पर माल्यार्पण किया

उन्होंने देव डूंगरी स्थित भगवान देव नारायण के मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया, जहां मकेश गुर्जर, महेंद्र गुर्जर सहित स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। दौरे के अंतिम चरण में पोसवाल ने बिजौलिया के प्राचीन राजमहल का भ्रमण किया, जहां राजपरिवार के सोभाग्य सिंह ने उनका पारंपरिक स्वागत करते हुए क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास और विरासत के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सज्जन पोसवाल ने अपने दौरे के दौरान बिजौलिया की ऐतिहासिक धरोहरों और किसान आंदोलन की विरासत को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए इनके संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।

Share this news:
Facebook WhatsApp