सब्जी मंडी में हथियार लहराकर धमाल मचाने वालों को पुलिस ने दिखाई हवालात: तीन बदमाश गिरफ्तार

ललित चावला बिजौलिया | 17 Jun 2026

 तीन बदमाश गिरफ्तार

गोल घेरे में आरोपी

बिजौलिया। कस्बे की सब्जी मंडी में दिनदहाड़े हथियार लहराकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में बिजौलिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन फरार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार रात कार्रवाई कर तीनों आरोपियों को हवालात पहुंचाया।

एएसआई सुनील सिहाग ने बताया कि 5 जून को सब्जी मंडी क्षेत्र में थड़ोदा निवासी पिंटू पुरी के साथ मारपीट कर फरार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वारदात के बाद आरोपी जयसिंह पूरा जिला सवाई माधोपुर निवासी परसराम (22) पिता हंसराज गुर्जर, महेश (20) पिता गिरिराज जाट के साथ बिजौलिया निवासी लक्की (19) पिता शंकर सेन नेशनल हाईवे-27 के पास स्थित मंदिरों में छिपकर फरारी काट रहे थे। 
सूचना मिलने पर पुलिस ने नला का माताजी मंदिर क्षेत्र के आसपास दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।


यह हुई थी वारदात

पुलिस के अनुसार थड़ोदा निवासी पिंटू पुरी ने रिपोर्ट में बताया था कि 5 जून दोपहर करीब एक बजे वह अपनी चाय की होटल पर मौजूद था। इसी दौरान बिजौलिया निवासी लक्की सेन तीन अन्य व्यक्तियों के साथ बाइक पर वहां पहुंचा। आरोप है कि तीनों के हाथों में धारदार हथियार और लकड़ियां थीं। लक्की सेन के इशारे पर उन्होंने पिंटू पुरी पर हमला कर दिया।

हमले में पिंटू के सिर और शरीर पर चोटें आईं। होटल कर्मचारी अर्जुन ने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। जान बचाने के लिए पिंटू सब्जी मंडी की ओर भागा, जहां पहुंचे उसके भाई पप्पू के साथ भी आरोपियों ने हाथापाई की। जाते समय आरोपी हथियार लहराते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए थे।

Share this news:
Facebook WhatsApp