बिजौलिया में निकली योग जागरूकता रैली: योग से स्वस्थ वृद्धावस्था का संदेश
ललित चावला बिजौलिया | 19 Jun 2026
बिजौलिया। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम को लेकर आयुर्वेद विभाग, उपखंड प्रशासन, नगरपालिका एवं पंचायत समिति बिजौलिया के संयुक्त तत्वावधान में कस्बे में आज सुबह योग जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली का शुभारंभ नगरपालिका पंचायत चौक से हुआ। रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नवीन भवन, जावदा रोड पहुंची। इसमें आयुर्वेद विभाग, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, स्वयंसेवक एवं आमजन ने उत्साह के साथ भाग लिया। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने योग संबंधी नारों और गीतों के माध्यम से लोगों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया।
नोडल प्रभारी डॉ. संजय नागर ने बताया कि 21 जून को सुबह 7 से 8 बजे तक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नवीन भवन में उपखंड स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर को स्वस्थ, सक्रिय और निरोग रखा जा सकता है। रैली के समापन पर उपस्थित लोगों को योग को दैनिक जीवन में अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया गया।