विधायक गोपाल खंडेलवाल का 64वां जन्मदिवस : सेवा, संस्कार और जनसंपर्क के साथ मनाया
ललित चावला बिजौलिया | 21 Jun 2026
बिजौलिया। मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक गोपाललाल शर्मा के 64वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं जनसेवा कार्यक्रम का शनिवार को समापन हुआ।
समापन कार्यक्रम के तहत विधायक गोपाल खंडेलवाल ने एक पेड़ मां के नाम महाअभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से अधिकाधिक पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने नागरिकों से जनसंवाद कर क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
इस अवसर पर विधायक ने तिलस्वा महादेव मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने इंद्रपुरा स्थित तिलस्वा नाथ गोशाला में गौसेवा करते हुए गौवंशों को लापसी एवं हरा चारा खिलाया तथा गौ संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने गोलमगढ़ बालाजी महाराज के दर्शन कर प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। नयानगर स्थित गोलमगढ़ बालाजी मंदिर प्रांगण में आयोजित विशाल महाप्रसादी एवं समापन समारोह में मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र सहित जिलेभर से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे तथा विधायक को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान सांसद दामोदर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, भट्टों का बामणिया गुरुदेव महेंद्र भट्ट, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, मांडलगढ़ उपखंड अधिकारी मनमोहन शर्मा, मांडल उपखंड अधिकारी संजना जोशी, विधानसभा संयोजक अनिल पारीक, गोपाल शर्मा,गोपाल बच्छ सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।