बिजोलिया में दिगंबर जैन धार्मिक शिक्षण शिविर शुरू: 30 जून तक चलेगा आयोजन

ललित चावला बिजौलिया | 24 Jun 2026

30 जून तक चलेगा आयोजन

बिजौलिया। कस्बे के दिगंबर जैन भवन में बुधवार को जयपुर के दिगंबर जैन श्रमण संस्कृति संस्थान, सांगानेर के तत्वावधान में सात दिवसीय धार्मिक शिक्षण शिविर का शुभारंभ मंगलाचरण के साथ हुआ। शिविर का आयोजन 30 जून तक किया जाएगा, जिसमें धर्म, संस्कृति एवं जैन सिद्धांतों से जुड़ी शिक्षाएं दी जाएंगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, कलश स्थापना एवं जिनवाणी स्थापना के साथ हुआ। दीप प्रज्वलन सुनीता सेठिया द्वारा, कलश स्थापना आशा एवं अर्चना पटवारी द्वारा तथा जिनवाणी स्थापना मैना लुहाड़िया द्वारा की गई। शिविर में सांगानेर से आये अंकित भैया एवं क्षेत्र के अमन भैया का जैन समाज के सदस्यों द्वारा माला पहनाकर स्वागत किया गया। 

वक्ताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक शिक्षण शिविर बच्चों, युवाओं एवं समाज के लोगों को जैन धर्म के सिद्धांतों, संस्कारों और आध्यात्मिक ज्ञान से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। दिगंबर जैन मुनि सुधासागर महाराज के आशीर्वाद से पूरे भारतवर्ष में इस प्रकार के धार्मिक शिक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। 

इसी क्रम में बिजोलिया में भी यह शिविर आयोजित किया गया है। शिविर के अंतर्गत आज दोपहर 3 बजे से महिलाओं की कक्षाओं का शुभारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। आगामी दिनों में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए धार्मिक एवं नैतिक शिक्षा से संबंधित कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर नेहा कला, बरखा सोनी, अलका मोदी, श्रद्धा ठग, रेखा लुहाड़िया सहित जैन समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Share this news:
Facebook WhatsApp