पुलिस की तस्करों के खिलाफ कार्रवाई: 355 किलो अफीम डोडा चूरा बरामद, 40 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार, टाटा सफारी जब्त

ललित चावला बिजौलिया | 28 Jun 2026

355 किलो अफीम डोडा चूरा बरामद, 40 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार, टाटा सफारी जब्त

बिजौलिया। पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने शनिवार रात संयुक्त कार्रवाई करते हुए बिजौलिया क्षेत्र से 355 किलो अवैध अफीम डोडा चूरा की  खेप बरामद की है। 40 हजार रुपये के इनामी तस्कर को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त लग्जरी टाटा सफारी कार को भी जब्त किया गया है। जब्त किए गए अफीम डोडा चूरा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 53 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है।

 
DST की सूचना पर रोकी टाटा सफारी, तलाशी में मिला डोडा चूरा

सूचना के आधार पर बिजौलिया थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक काले रंग की टाटा सफारी कार को रुकवाया। कार की तलाशी लेने पर उसमें 19 अलग-अलग कट्टों में भरा कुल 355 किलो अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कार चालक कपिल (28) पुत्र भारमलराम विश्नोई  निवासी कंवरजी का खेजड़ी, थाना ओसियां, जिला जोधपुर ग्रामीण को गिरफ्तार कर लिया।

ऐसे हुई कारवाई

एसएचओ स्वागत पांड्या ने बताया कि सलावटिया फोरलेन पर निर्माणाधीन पुलिया के निकट सर्विस लेन पर पुलिस ने कार को रुकवाने का प्रयास किया। इस दौरान तस्कर ने कार को पीछे (बैक) लेकर भागने की कोशिश की। भागने के प्रयास में कार पुलिया से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद डिवाइडर से टकराने के कारण कार के एक्सल टूट गए। पुलिस ने कार को चारों ओर से घेर लिया और आरोपी को पकड़ लिया।

दो जिलों में वांछित था आरोपी, घोषित था इनाम

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी कपिल विश्नोई पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में वांछित चल रहा था। आरोपी पर पुलिस थाना गोटन, जिला नागौर की ओर से 15 हजार रुपये तथा पुलिस थाना बेंगू, जिला चित्तौड़गढ़ की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी से मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क, सप्लाई चैन और अन्य साथियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।

इनकी रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में बिजौलिया थानाधिकारी स्वागत पाण्डया, सहायक उप निरीक्षक नरेश कुमार, जिला स्पेशल टीम के कांस्टेबल राकेश सहित पुलिस थाना बिजौलिया के हैड कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह, कांस्टेबल मनोज, अनिल कुमार, दलवीर और रणजीत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। 

Share this news:
Facebook WhatsApp