ई-मित्र संचालकों का विरोध: रिफाइनरी उद्घाटन कार्यक्रम की वेबकास्टिंग का ई-मित्र संचालकों ने किया बहिष्कार

ललित चावला बिजौलिया | 04 Jul 2026

रिफाइनरी उद्घाटन कार्यक्रम की वेबकास्टिंग का ई-मित्र संचालकों ने किया बहिष्कार

बिजौलियां। ग्राम पंचायत ई-मित्र संचालक संघ समिति राजस्थान के निर्देशानुसार प्रदेशभर के ई-मित्र संचालकों ने राज्य सरकार के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए 4 जुलाई को आयोजित रिफाइनरी उद्घाटन कार्यक्रम की वेबकास्टिंग एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का बहिष्कार करने की घोषणा की है। संगठन का कहना है कि वर्षों से ई-मित्र संचालकों से विभिन्न सरकारी कार्य करवाए जा रहे हैं, लेकिन उन्हें न तो विधिवत नियुक्ति दी गई है और न ही किसी प्रकार का मानदेय अथवा सेवा शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

ब्लॉक अध्यक्ष राजेश कुमार बैरागी ने बताया कि ग्राम पंचायतों में कार्यरत ई-मित्र संचालकों से वेबकास्टिंग, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सहित कई अतिरिक्त जिम्मेदारियां निभवाई जाती हैं, जबकि विभाग ने उन्हें ई-मित्र प्लस मशीन ऑपरेटर के रूप में अधिकृत रूप से नियुक्त नहीं किया है। इसके बावजूद लगातार सरकारी कार्यक्रमों में उनकी सेवाएं ली जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि संगठन ने कई बार विभाग और राज्य सरकार के समक्ष अपनी मांगें रखीं, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया। इसी के विरोध में प्रदेश कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से आज रिफाइनरी उद्घाटन कार्यक्रम की वेबकास्टिंग एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।

संगठन ने प्रदेशभर के सभी ग्राम पंचायत ई-मित्र संचालकों से इस निर्णय का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी संचालक कार्यक्रम में वेबकास्टिंग एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के कार्य में सहयोग नहीं करेगा। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कोई सदस्य संगठन के निर्णय की अवहेलना करता है तो उसके विरुद्ध संगठन के नियमों के अनुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Share this news:
Facebook WhatsApp