छोटा बांका में आम रास्ते को लेकर विवाद: 260 साल पुराने आम रास्ते को बंद करने के प्रयास का आरोप, एसडीएम से लगाई गुहार

ललित चावला बिजौलिया | 09 Jul 2026

260 साल पुराने आम रास्ते को बंद करने के प्रयास का आरोप, एसडीएम से लगाई गुहार

बिजौलिया ब्लॉक के छोटा बांका गांव में वर्षों पुराने आम रास्ते को लेकर विवाद गहरा गया है। गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर करीब 260 वर्ष पुराने आम रास्ते को यथास्थिति बनाए रखने, उस पर दोबारा ग्रेवल डालने का कार्य शुरू कराने तथा राजस्व रिकॉर्ड में आम रास्ते के रूप में दर्ज कराने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार देवनारायण मंदिर से होकर पानी के खाल तथा दूसरी ओर पेला ढावा तक जाने वाला यह रास्ता लंबे समय से आम उपयोग में है। करीब 20 परिवार प्रतिदिन इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के हरलाल और सीताराम पिता कल्याण गुर्जर निवासी छोटा बांका, इस रास्ते को बंद करने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि संबंधित भूमि उनकी खातेदारी में आती है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग लगभग 260 वर्षों से अस्तित्व में है और पीढ़ियों से गांव के लोग इसका उपयोग करते आ रहे हैं। यह रास्ता खसरा संख्या 882/36 एवं 1201/34 से होकर गुजरता है। यदि इसे बंद कर दिया गया तो आसपास के परिवारों को आवागमन में गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने बताया कि यदि इस रास्ते को राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए विभाग द्वारा डीएलसी दर के अनुसार कोई राशि निर्धारित की जाती है, तो ग्रामवासी उसे जमा कराने के लिए भी तैयार हैं।

वर्तमान में ग्राम पंचायत द्वारा रास्ते पर ग्रेवल डालने का कार्य कराया जा रहा था, लेकिन संबंधित लोगों ने कार्य रुकवा दिया। साथ ही ग्रेवल डालने वाले कर्मचारियों एवं ग्रामीणों के साथ विवाद और झगड़े की स्थिति भी उत्पन्न की गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि विवादित रास्ते की यथास्थिति बनाए रखते हुए ग्रेवल डालने का कार्य तत्काल दोबारा शुरू कराया जाए, आम रास्ते को राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज किया जाए तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की जाए।

Share this news:
Facebook WhatsApp