कैसरगंज पुलिया कि मरम्मत शुरू: बरसात में राहत देने की तैयारी 2-3 दिन रहेगा यातायात प्रभावित
ललित चावला बिजौलिया | 09 Jul 2026
बिजौलिया। नगर की क्षतिग्रस्त केसरगंज पुलिया की मरम्मत का कार्य गुरुवार से नगर पालिका प्रशासन द्वारा शुरू कर दिया गया। बरसात के मौसम में पलकी नदी में पानी की आवक बढ़ने पर पुलिया से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुलिया पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बनने से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी। इसे देखते हुए नगर पालिका ने आमजन की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर मरम्मत कार्य शुरू कराया है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) पंकज मंगल ने बताया कि बरसात के दौरान पालकी नदी के ओवरफ्लो होने से केसरगंज पुलिया से आवागमन जोखिमभरा हो जाता है। पुलिया कई जगह से क्षतिग्रस्त होने के कारण तत्काल मरम्मत की आवश्यकता थी। फिलहाल पुलिया पर बने गड्ढों को गिट्टी एवं सीमेंट की सहायता से भरकर समतल किया जा रहा है, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
उन्होंने बताया कि मरम्मत कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए पुलिया के दोनों ओर से यातायात अस्थायी रूप से बंद किया गया है। ईओ मंगल ने बताया कि पूरी पुलिया पर सीमेंट की परत नहीं बिछाई जा सकती, क्योंकि बरसाती पानी में सीमेंट की सतह पर फिसलन बढ़ने का खतरा रहता है। इसलिए केवल क्षतिग्रस्त हिस्सों की आवश्यक मरम्मत की जा रही है।