तीन साल से फरार पुलिस पर हमले का आरोपी गिरफ्तार: स्विफ्ट कार से मिला था 98 किलो डोडा चूरा, पंजाब से पकड़ा
ललित चावला बिजौलिया | 12 Jul 2026
बिजौलिया। करीब तीन वर्ष पहले बिजौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस पर कार चढ़ाकर नाकेबंदी तोड़ने और फरार होने के बहुचर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी गुरविन्दर सिंह उर्फ मिन्टू उर्फ मिन्टा (38) निवासी कांगथला (रहीमपुर), थाना पातड़ा, जिला पटियाला (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, आपराधिक साजिश तथा आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज था। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।
थानाधिकारी स्वागत पांड्या ने बताया कि आरोपी को जून 2023 में दर्ज प्रकरण में गिरफ्तार किया गया है पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पंजाब में भी सजायाफ्ता है। इस प्रकरण में इससे पहले दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपियों में शामिल गुरविन्दर सिंह अब तक फरार चल रहा था।
नाकेबंदी तोड़ पुलिसकर्मियों पर चढ़ाई थी कार
पुलिस के अनुसार जून 2023 में तत्कालीन थानाधिकारी उगमाराम बेनीवाल के नेतृत्व में बिजौलिया थाना पुलिस ने केसरगंज कट पर नाकेबंदी कर रखी थी। इसी दौरान लाड़पुरा की ओर से आई एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय पुलिसकर्मियों पर ही कार चढ़ाने का प्रयास किया और तेज गति से नाकेबंदी तोड़कर फरार हो गया। घटना में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
डाबी पुलिस ने घेरा, जंगल में छोड़ भागे आरोपी
घटना के तुरंत बाद बिजोलिया पुलिस ने बूंदी जिले के डाबी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डाबी थाना पुलिस ने सूतड़ा गांव के पास नाकेबंदी कर संदिग्ध कार को घेर लिया। पुलिस को सामने देखकर आरोपी वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। तलाशी के दौरान स्विफ्ट कार से 98 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। इसके बाद बिजौलिया पुलिस ने पुलिस पर जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा और नाकेबंदी तोड़ने का मामला दर्ज किया, जबकि डाबी थाना पुलिस ने बरामद डोडा चूरा के संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
लंबे समय से चल रही थी तलाश
पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में मुख्य आरोपियों में शामिल गुरविन्दर सिंह को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। अपराधी को गिरफ्तार करने के मामले में एएसआई लक्ष्मण सिंह की मुख्य भूमिका रही।