मजदूरी के दौरान विवाद: तेजाजी चौक पर युवक के साथ मारपीट और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी
ललित चावला बिजौलिया | 13 Jul 2026
बिजौलिया। कस्बे में मजदूरी के दौरान हुए विवाद में एक युवक पर मारपीट करने और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित ने बिजौलिया थाने में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित सत्यनारायण कोली ने बताया कि शनिवार को वह विंध्यावासिनी माता मंदिर के पास मजदूरी का कार्य कर रहा था। इसी दौरान बिजौलिया निवासी विशाल खटीक वहां आया और उससे टांकी-हथौड़ी की मांग की। सामान नहीं देने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा और उसके साथ मारपीट की। वहां कार्य कर रहे मजदूरो के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।इसके बाद आरोपी अपनी दुकान पर गया और वहां से धारदार चाकू लेकर वापस आया। उसने चाकू दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।