हादसों का न्योता दे रहे टूटे बिजली के खंभे : जमीन तक लटकी 11 केवी लाइन
ललित चावला बिजौलिया | 17 Jul 2026
बिजौलिया। कस्बे के माताजी की पाल क्षेत्र में टूटे और झुके बिजली के खंभों के कारण 11 केवी विद्युत लाइन जमीन तक लटक गई है, जिससे क्षेत्र में कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। लगातार शिकायतों के बावजूद विद्युत विभाग द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में दो-तीन स्थानों पर बिजली के पोल झुक गए हैं, जिससे 11 केवी की लाइन काफी नीचे आ गई है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है, क्योंकि गीली जमीन और खुले तारों के कारण करंट फैलने का खतरा बना रहता है। ऐसे में राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों की जान जोखिम में है।
कस्बा निवासी इमरान ने बताया कि इस मार्ग पर मुस्लिम समुदाय का कब्रिस्तान भी स्थित है, जहां लोगों का दिनभर आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में नीचे लटके बिजली के तार किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। उन्होंने बताया कि विद्युत विभाग को सूचना देने के बावजूद अब तक न तो खंभों को सीधा किया गया है और न ही लटकी हुई लाइन को ठीक किया गया है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से तत्काल क्षतिग्रस्त खंभों को बदलने तथा 11 केवी लाइन को सुरक्षित ऊंचाई पर व्यवस्थित करने की मांग की है।
इनका कहना : विद्युत विभाग के जेईएन हेमेंद्र नावर के कहना है कि इस क्षेत्र में आंधी तूफान से विद्युत पोल टूट गई थे। एहतियातन विद्युत सप्लाई बंद की गई है, कोइ खतरा नहीं है। 1-2 दिनों में व्यवस्था में सुधार कर दिया जाएगा