अज्ञात वाहन की टक्कर से नर पैंथर की मौत : मेनाल-लाडपुरा के बीच सड़क पार करते समय हुआ हादसा
ललित चावला बिजौलिया | 19 Jul 2026
बिजौलिया। कोटा-चित्तौड़गढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक नर पैंथर की मौत हो गई। हादसा मेनाल और लाडपुरा के बीच उस समय हुआ, जब पैंथर सड़क पार कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत पैंथर को अपने कब्जे में लिया।
मृत पैंथर की उम्र करीब 6 से 7 वर्ष के करीब बताई जा रही है। रेंजर द्वितीय विमल रैगर ने बताया कि पैंथर का पोस्टमार्टम मांडलगढ़ रेंज में कराया जाएगा। इसके बाद अंबा की बावड़ी नर्सरी, मांडलगढ़ में वन विभाग के द्वारा नियमानुसार उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। बता दें कि है कि कोटा-चित्तौड़गढ़ एनएच-27 के दोनों ओर सघन वन क्षेत्र फैला हुआ है। ऐसे में जंगली जानवर अक्सर भोजन और पानी की तलाश में सड़क पार करते हैं। तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन वन्यजीव हादसों का शिकार हो रहे हैं।
सड़क पार करते समय हादसे में 6 से 7 साल के नर पैंथर की मौत हुई है