देवडूंगरी में मंदिर निर्माण को लेकर विवाद: ग्रामीणों ने दी पुलिस में रिपोर्ट, मंदिर निर्माण में बाधा का आरोप
ललित चावला बिजौलिया | 19 Jul 2026
बिजौलिया। देवडूंगरी (भीलपुरिया की दांती) स्थित बक्याराणी माता मंदिर के निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामवासियों ने बिजौलिया थाने में रिपोर्ट देकर 6-7 नामजद लोगों पर मंदिर निर्माण में बाधा डालने और धमकी देने का आरोप लगाया है।
रिपोर्ट में बताया कि शनिवार की शाम ग्रामीण व महिलाएं 21 जुलाई को प्रस्तावित मंदिर निर्माण के मुहूर्त की तैयारियों को लेकर स्थल पर मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी पक्ष मौके पर पहुंचे और जमीन को अपनी बताते हुए मंदिर निर्माण नहीं होने देने की बात कही। ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध करने के साथ तोड़फोड़ की धमकी दी गई।
ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने तथा 21 जुलाई को होने वाले मुहूर्त के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस द्वारा रिपोर्ट के आधार पर जांच की जा रही है।