मारुति वैन और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत: युवक व एक वर्षीय बालिका की मौत, दो महिलाएं गंभीर घायल

ललित चावला बिजौलिया | 20 Jul 2026

 युवक व एक वर्षीय बालिका की मौत, दो महिलाएं गंभीर घायल

बिजौलिया। थाना क्षेत्र के सलावटिया गांव में सोमवार दोपहर सरकारी स्कूल के सामने हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक और एक वर्षीय बालिका की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही बिजौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए बिजौलिया चिकित्सालय भिजवाया।

पुलिस के अनुसार मृतक  संतोष मीणा (22) निवासी तीखी (बिजौलिया) मध्यप्रदेश के धार जिले में जेसीबी मशीन चलाने का कार्य करता था। सोमवार को वह मध्यप्रदेश से तिलस्वां होते हुए अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में तिलस्वां में उसे परिचित महिलाएं मिलीं, जिन्हें उसने अपनी बाइक पर लिफ्ट दे दी। बाइक सलावटिया गांव स्थित स्कूल के सामने पहुंची ही थी कि सामने से तेज गति से आ रही एक मारुति वैन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में बाइक चालक संतोष मीणा तथा एक वर्षीय दिव्यांशी पुत्री नंदलाल भील निवासी खड़ीपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सजना भील (25) एवं प्रियंका भील निवासी खड़ीपुर गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए बिजौलिया चिकित्सालय भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जाता है कि दुर्घटना के समय एक वर्षीय मृतक दिव्यांशी अपनी मां सजना की गोद में थी।

हेड कांस्टेबल जुगराज मीणा ने बताया कि दोनों शवों को मोर्च्यूरी में रखवाया है और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वैन चालक मौके से फरार हो गया है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

Share this news:
Facebook WhatsApp