खेत जा रही महिला पर टूटी 11 केवी बिजली लाइन: मौके पर मौत; बिजली विभाग की लापरवाही के विरोध में शव रखकर प्रदर्शन
ललित चावला बिजौलिया | 22 Jul 2026
बिजौलिया। ब्लॉक के गिरधरपुरा गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 11 केवी विद्युत लाइन टूटकर खेत जा रही महिला के ऊपर गिर गई, जिससे करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने बिजली विभाग की कथित लापरवाही के विरोध में मौके पर ही शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
तहसीलदार ललित डीडवानिया ने बताया कि गिरधरपुरा निवासी प्रेम देवी धाकड़ (50) पत्नी भगवान लाल धाकड़ अपने खेत पर जा रही थीं। खेत के समीप विद्युत पोल पर लटक रही 11 केवी बिजली लाइन अचानक टूटकर उनके कंधे पर गिर गई। तेज करंट की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई वहीं प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस और बिजली विभाग के कार्मिक भी पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर तत्काल विद्युत सप्लाई बंद करवाई गई तथा बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बिजली विभाग के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
हादसे के बाद ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए और बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने अधिकारियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। ग्रामीण रामफूल धाकड़ और राजेश धाकड़ ने आरोप लगाया कि गांव में कई स्थानों पर बिजली के तार लंबे समय से नीचे लटक रहे हैं। इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग को की गई थी, लेकिन विभाग ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की।