44.64 लाख के 5 नए कक्षा-कक्षों का लोकार्पण: विधायक गोपाल खंडेलवाल बोले-शिक्षा और स्वास्थ्य को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

ललित चावला बिजौलिया | 24 Jul 2026

विधायक गोपाल खंडेलवाल बोले-शिक्षा और स्वास्थ्य को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

बिजौलिया। मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल ने शुक्रवार को बिजोलिया क्षेत्र के नयानगर एवं जलेरी गांव में डीएमएफटीफंड से निर्मित नवीन कक्षा-कक्षों का लोकार्पण कर उन्हें विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार को समर्पित किया। 

कार्यक्रम के तहत नयानगर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में डीएमएफटी फंड से 44.64 लाख की लागत से निर्मित चार नवीन कक्षा-कक्षों का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही जलेरी नंबर-1 में भी डीएमएफटी फंड से निर्मित एक नए कक्षा-कक्ष का उद्घाटन कर विद्यार्थियों को समर्पित किया गया।

विधायक गोपाल खंडेलवाल ने कहा कि जनता ने जिन विकास कार्यों की अपेक्षा की थी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दिलाई गई है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में भी विधानसभा क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए जाएंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार, शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। विधायक ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इस वर्ष के राज्य बजट में मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग ₹180 करोड़ के विकास कार्य प्रस्तावित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बिजोलिया एवं मांडलगढ़ में क्रमोन्नत उप जिला अस्पतालों के निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू किए जाएंगे। इस अवसर पर विधानसभा संयोजक अनिल पारीक, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र कुमार बंजारा, जिला कार्यकारिणी सदस्य गोवर्धन वैष्णव, एससीबीओ कन्हैया शर्मा, प्रिंसिपल हरिमोहन चित्तौड़ा सहित पायल लुनिवाल, हरिमोहन चित्तौड़ा, जगदीश पूरी सहित विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Share this news:
Facebook WhatsApp