अभाविप का सदस्यता अभियान शुरू: राष्ट्र निर्माण और छात्र हित से जुड़ने का आह्वान

ललित चावला बिजौलिया | 24 Jul 2026

राष्ट्र निर्माण और छात्र हित से जुड़ने का आह्वान

बिजौलिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद  की ओर से श्री विजय सिंह पथिक राजकीय महाविद्यालय, बिजौलिया में शुक्रवार को सदस्यता अभियान का शुभारम्भ किया गया। अभियान के तहत महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों को परिषद के उद्देश्य, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, छात्र हितों की रक्षा तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों की जानकारी दी गई। साथ ही अधिक से अधिक विद्यार्थियों से संगठन की सदस्यता ग्रहण कर छात्र हित एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

अभाविप नगर मंत्री दीपक धाकड़ ने बताया कि सदस्यता अभियान के पहले ही दिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने परिषद की विचारधारा और गतिविधियों से प्रभावित होकर सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल छात्र संगठन ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जागरूकता और शैक्षणिक सुधार के लिए भी निरंतर कार्य करने वाला संगठन है।

उन्होंने बताया कि परिषद समय-समय पर विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, सेवा कार्यों तथा विभिन्न सामाजिक अभियानों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करती है। इसी उद्देश्य से सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को संगठन से जोड़कर उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान भाग प्रमुख विष्णु सेन, नगर अध्यक्ष पूजा जोशी, सहनगर मंत्री पंकज रेगर, अर्पित धाकड़, कृष्ण गोपाल रेगर, ममता बंजारा, चांदी जाटव, अर्जुन धाकड़, विष्णु गुर्जर, महिमा कंवर सहित अनेक अभाविप कार्यकर्ता एवं महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे। अभाविप कार्यकर्ताओं ने बताया कि सदस्यता अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को संगठन से जोड़कर छात्र हित, राष्ट्रहित और सामाजिक सेवा के कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

Share this news:
Facebook WhatsApp