थड़ौदा पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर: 22 विभागों ने मौके पर किया समस्याओं का समाधान

ललित चावला बिजौलिया | 24 Jul 2026

22 विभागों ने मौके पर किया समस्याओं का समाधान

बिजौलिया। राजस्थान सरकार के जनकल्याण शिविर अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम पंचायत थड़ौदा मुख्यालय पर ग्रामीण सेवा शिविर का फॉलोअप शिविर आयोजित किया गया। 

शिविर में 22 विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। शिविर में पंचायतीराज विभाग द्वारा स्वामित्व संबंधी कार्यों के साथ चार पट्टे जारी किए गए तथा व्यक्तिगत घरेलू शौचालय  योजना के छह आवेदन तैयार किए गए। राजस्व विभाग की ओर से नाम शुद्धिकरण के 11, रास्ता खुलासा के दो, फार्मर रजिस्ट्री के दो, नामांतरण के 12 तथा जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र से संबंधित 15 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा 22 विभागों द्वारा प्राप्त अन्य समस्याओं एवं आवेदनों का भी मौके पर समाधान किया गया। शिविर में परिवहन विभाग की ओर से पात्र लाभार्थियों को 15 निःशुल्क रोडवेज बस पास वितरित किए गए। ग्रामीणों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक आवेदन भी प्रस्तुत किए।

शिविर के दौरान उपखंड अधिकारी स्वाती झा ने शिविर का निरीक्षण कर अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।  इस अवसर पर शिविर प्रभारी एवं अतिरिक्त विकास अधिकारी रामेश्वर लाल बैरवा, प्रशासक राजेश कुमार धाकड़, ग्राम विकास अधिकारी अशोक खाती, गिरदावर अशोक प्रजापत, पटवारी निकिता जैन तथा कनिष्ठ सहायक बसंत भाट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share this news:
Facebook WhatsApp