8 दिन के देव डूंगरी विवाद का हुआ अंत! : देवडूंगरी में पश्चिम दिशा में बनेगा माँ बांक्या रानी मंदिर, विधायक की पहल पर सर्वसम्मति से निकला समाधान
ललित चावला बिजौलिया | 26 Jul 2026
बिजौलिया। कई दिनों से पूरे क्षेत्र में चर्चा और विवाद का केंद्र बने देवडूंगरी धार्मिक स्थल को लेकर आखिरकार बड़ा फैसला हो गया। शनिवार शाम सर्वसमाज संघर्ष समिति, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में हुई महत्वपूर्ण बैठक के बाद माँ बांक्या रानी मंदिर निर्माण के लिए देवडूंगरी परिसर की पश्चिम दिशा में स्थान सर्वसम्मति से चिन्हित कर दिया गया।
क्षेत्रीय विधायक गोपाल लाल खंडेलवाल ने समिति के सदस्यों और सर्वसमाज के प्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। लंबी चर्चा और सभी पक्षों की सहमति के बाद मंदिर निर्माण के लिए स्थान तय किया गया। निर्णय होते ही मौके पर "जय माँ बांक्या रानी" के जयघोष गूंज उठे और उपस्थित लोगों ने खुशी जताई।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह मंदिर निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया था। देवनारायण गुर्जर सेवा संस्थान ने प्रस्तावित निर्माण पर आपत्ति जताई थी, जबकि ग्रामीणों ने बाहरी लोगों पर हस्तक्षेप और कब्जे का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया था। मामला इतना बढ़ा कि प्रशासन को देवडूंगरी परिसर में 24 घंटे पुलिस बल तैनात करना पड़ा और भूमि को राजकीय बताते हुए बिना अनुमति किसी भी निर्माण पर रोक की बात कही गई थी।
अब सर्वसम्मति से समाधान निकलने के बाद क्षेत्र में शांति और सौहार्द का माहौल बनने की उम्मीद है। संघर्ष समिति ने इसे वर्षों पुरानी आस्था और जनभावना की जीत बताते हुए विश्वास जताया कि प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद माँ बांक्या रानी मंदिर का निर्माण जल्द शुरू होगा। बैठक में एमएलए गोपाल खंडेलवाल, कुंवर सौभाग्य सिंह, एडवोकेट सुनील जोशी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।