अभाविप सदस्यता अभियान : बिजौलिया में 1500 विद्यार्थी संगठन से जुड़े
ललित चावला बिजौलिया | 26 Jul 2026
बिजौलिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बिजौलिया इकाई द्वारा संचालित सदस्यता अभियान को उल्लेखनीय सफलता मिली है। अभियान के तहत अब तक बिजौलिया कस्बे के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में 1500 विद्यार्थियों को अभाविप की सदस्यता दिलाई जा चुकी है।
अभियान के भाग संयोजक विष्णु ने बताया कि सदस्यता अभियान के दौरान परिषद कार्यकर्ताओं ने शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा उन्हें संगठन की कार्यप्रणाली, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और विद्यार्थी हितों के लिए किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान को विद्यार्थियों का उत्साहजनक समर्थन मिला है।
नगर अध्यक्ष पूजा जोशी ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभाव, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना है। परिषद केवल छात्र संगठन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और समाज सेवा का भी सशक्त माध्यम है।
नगर मंत्री दीपक धाकड़ ने बताया कि सदस्यता अभियान के अंतर्गत कार्यकर्ताओं ने विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में व्यापक जनसंपर्क किया, जिसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं परिषद से जुड़े। उन्होंने कहा कि आगामी समय में नवसदस्यों के लिए विभिन्न बौद्धिक, सामाजिक और संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सदस्यता अभियान को सफल बनाने में हिमांशु लक्षकार, दीपांशु चित्तौड़ा, पंकज रेगर, विष्णु कुमारी धाकड़, कृष्ण गोपाल रेगर, राजकुमार मीणा , रवीना धाकड़, खुशबू बंजारा तथा यशवंत छीपा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।