बिजौलिया में सावन मास में होंगे विविध धार्मिक आयोजन: 9 अगस्त को निकलेगी कांवड़ यात्रा, 17 अगस्त को महाकाल की भव्य सवारी

ललित चावला बिजौलिया | 26 Jul 2026

9 अगस्त को निकलेगी कांवड़ यात्रा, 17 अगस्त को  महाकाल की भव्य सवारी

बिजौलिया। सावन माह के धार्मिक आयोजनों की तैयारियों को लेकर मंदाकिनी महादेव मंदिर परिसर में रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। 

बैठक में श्रावण मास के दौरान होने वाले विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों, रुद्राभिषेक, रामायण पाठ, कांवड़ यात्रा एवं महाकाल की भव्य सवारी की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 9 अगस्त को सुबह  मंदाकिनी महादेव मंदिर से तिलस्वां महादेव तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न जिम्मेदारियां भी तय की गईं।

इसके अलावा 17 अगस्त को दोपहर मंदाकिनी महादेव मंदिर से भगवान महाकाल की भव्य शाही सवारी निकाली जाएगी। सवारी नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी, जिसमें श्रद्धालु भगवान शिव के जयघोष के साथ शामिल होंगे। आयोजन को भव्य बनाने के लिए समिति सदस्यों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए। बैठक में श्रावण मास के दौरान नियमित रुद्राभिषेक, रामायण पाठ एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों को श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न कराने पर भी सहमति बनी।

बैठक में जितेंद्र सिंह चौहान, सुनील जोशी, बजरंग सिंह, शंभु सिंह, दीपक जोशी, दीपांशु चित्तौड़ा, आशीष सोमानी, विकास राठौड़, गिरीश सोनी, लक्ष्मण सिंह तंवर सहित अन्य श्रद्धालु एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।

Share this news:
Facebook WhatsApp