25 और 20 साल से फरार दो स्थाई वारंटी गिरफ्तार: भैंसे खरीदने के बहाने पहुंची पुलिस, खेत और किराये के मकान से दबोचे आरोपी
ललित चावला बिजौलिया | 29 Jul 2026
बिजौलिया। वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिजौलिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 25 साल से फरार एक स्थाई वारंटी तथा 20 साल से फरार दूसरे स्थाई वारंटी को चित्तौड़गढ़ जिले से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी वर्षों से लगातार ठिकाने बदलकर रह रहे थे और पुलिस से बचने का प्रयास कर रहे थे।
भैंसे खरीदने वाले व्यापारी बनकर पहुंची पुलिस
एसएचओ स्वागत पांड्या के अनुसार मदनलाल (56) पुत्र बिहारीलाल बंजारा निवासी रणछोरपुरा, थाना निम्बाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़, आबकारी के एक मामले और मारपीट के दो मामलों में करीब 25 वर्षों से फरार चल रहा था। वह लगातार जगह बदल-बदल कर रह रहा था, जिससे उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पा रही थी। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक सुनील बेनिवाल, कांस्टेबल शिवपाल और हेमाराम ने विशेष रणनीति अपनाई। दोनों कांस्टेबल भैंसे खरीदने वाले व्यापारियों के रूप में क्षेत्र में पहुंचे और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई। पुलिस ने आरोपी को गणेशपुरा (जिला चित्तौड़गढ़) के खेतों में काम करते समय दबोच लिया।
20 साल से फरार वारंटी किराये के मकान से गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने रामलाल (60) पुत्र कन्हैयालाल शर्मा निवासी जाटों का मोहल्ला, थाना चंदेरिया, जिला चित्तौड़गढ़, हाल निवासी आंवल हेडा, थाना बस्सी, जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार किया। वह एक्सीडेंट के प्रकरण में करीब 20 साल से फरार था और पहचान छिपाकर किराये के मकानों में रह रहा था। इस मामले में हेड कांस्टेबल सुनील चाहर तथा कांस्टेबल शिवपाल और हेमाराम ने फाइनेंस कर्मियों का रूप धारण कर आसूचना संकलन किया। पर्याप्त जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आंवल हेडा स्थित उसके किराये के मकान पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।