बिजौलिया में चालीसा मोहर्रम पर निकला ताजियों का जुलूस: अखाड़ों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब, जगह-जगह लंगर व छबील से हुआ स्वागत
ललित चावला बिजौलिया | 30 Jul 2026
बिजौलिया। चालीसा मोहर्रम के अवसर पर गुरुवार को बिजौलिया कस्बे में मुस्लिम समाज की ओर से मोहर्रम का जुलूस निकाला गया। जुलूस छोटी मस्जिद से रवाना होकर सदर बाजार, पंचायत चौक, सब्जी मंडी और तेजाजी चौक होते हुए कर्बला पहुंचा, जहां निर्धारित धार्मिक रस्मों के साथ जुलूस का समापन किया गया।चालीसा मोहर्रम के जुलूस को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों में खासा उत्साह नजर आया। जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। मार्ग में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा।
जगह-जगह लगाए लंगर और छबील
मुस्लिम यूथ कमेटी की ओर से जुलूस के मार्ग में जगह-जगह लंगर एवं छबील की व्यवस्था की गई। लोगों को ठंडे पेयजल सहित अन्य खाद्य सामग्री वितरित की गई। जुलूस में शामिल लोगों के लिए छोटी मस्जिद पर सामूहिक भोजन की व्यवस्था भी की गई।
सिंगोली और नैनवा से पहुंचे अखाड़े
चालीसा मोहर्रम के अवसर पर बाहर से भी अखाड़ों के दल बिजौलिया पहुंचे। सिंगोली और नैनवा से आए अखाड़ों के कलाकारों ने जुलूस के दौरान पारंपरिक अखाड़ा प्रदर्शन करते हुए विभिन्न करतब दिखाए। आयोजन में मुस्लिम समाज के युवाओं सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।