बिजौलिया में विश्व आदिवासी दिवस पर निकलेगी विशाल रैली: प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का होगा सम्मान

ललित चावला बिजौलिया | 02 Aug 2026

प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का होगा सम्मान

बिजौलिया। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को भील समाज छात्रावास, बिजौलिया में समाजजनों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में खैराड़-उपरमाल क्षेत्र सहित बिजौलिया तहसील के भील समाज के लोगों ने भाग लेकर कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की। बैठक में निर्णय लिया गया कि 9 अगस्त को तिलस्वां महादेव मंदिर से विशाल आदिवासी रैली निकाली जाएगी। रैली डीजे के साथ तिलस्वां महादेव से रवाना होकर सतकुडिया एवं गोविंदपुरा होते हुए भील समाज छात्रावास, बिजौलिया पहुंचेगी। 

छात्रावास परिसर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के दौरान समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही समाज की एकता, शिक्षा और सामाजिक विकास को लेकर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता हीरालाल आड़ाखाल एवं नंदलाल भील, सरपंच भोपतपुरा ने की। इस दौरान समाजजनों ने 9 अगस्त के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में पूर्व सरपंच रामचंद्र, धर्मराज, रमेश बडेरा, रमेश मोग्रवासा, नटवर, कमलेश, बंशीलाल, भूरालाल, मांगीलाल, जसालाल, नंदकिशोर, फोरूलाल, सुरेशकुमार सहित समाज के कई लोग मौजूद रहे।

Share this news:
Facebook WhatsApp