अंधेरे में पोल के गड्ढे में गिरा राहगीर: पैर फटा, हेलमेट ने बचाई जान

ललित चावला बिजौलिया | 04 Aug 2026

 पैर फटा, हेलमेट ने बचाई जान

बिजौलिया। कस्बे में तेजाजी चौक से मेवाड़ा गेस्ट हाउस तक डिवाइडर निर्माण के लिए खोदे गए विद्युत पोल के गड्ढे इन दिनों राहगीरों के लिए हादसे का कारण बन रहे हैं। रविवार रात मयूर गेस्ट हाउस के सामने एक राहगीर अंधेरे में पानी से भरे पोल के गड्ढे में गिरकर घायल हो गया। हादसे में उसके पैर में गंभीर चोट आई और पैर फटने पर टांके लगाने पड़े। गनीमत रही कि राहगीर ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे सिर में गंभीर चोट नहीं लगी और उसकी जान बच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय चांदमल सेठिया मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। मौके पर देखा गया कि डिवाइडर निर्माण के लिए विद्युत पोल लगाने के उद्देश्य से कई स्थानों पर गड्ढे खोदे गए हैं। बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर गया है, वहीं रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से ये गड्ढे दिखाई नहीं देते।

बारिश और अंधेरे से बढ़ा हादसे का खतरा

स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढों के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। स्थानीय संजय सिंह चौहान, विजय देवानी और श्याम लाखरा के अनुसार रात में अंधेरे के कारण वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को गड्ढे नजर नहीं आते, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के लिए गड्ढे खोदना जरूरी है, लेकिन जब तक विद्युत पोल नहीं लगाए जाते, तब तक इन गड्ढों के चारों ओर बैरिकेडिंग और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

आए दिन दुर्घटना का खतरा, निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग

तेजाजी चौक से मेवाड़ा गेस्ट हाउस तक डिवाइडर निर्माण का कार्य नगर पालिका प्रशासन द्वारा कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पालिका प्रशासन से मांग की है कि विद्युत पोल लगाने और डिवाइडर निर्माण का कार्य जल्द पूरा कराया जाए।

Share this news:
Facebook WhatsApp