अस्पताल के बाहर से हुई बाइक चोरी का खुलासा: आरोपी गिरफ्तार, बाइक बरामद
ललित चावला बिजौलिया | 04 Aug 2026
बिजौलिया। पुलिस थाना बिजौलिया ने सरकारी उप जिला चिकित्सालय के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।
थाना प्रभारी स्वागत पांड्या ने बताया कि 1 अगस्त को बिजौलिया निवासी नरेन्द्र यादव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी हीरो होंडा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल (RJ 06 SV 2678) राजकीय उप जिला चिकित्सालय बिजौलिया के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल चोरी कर ले गया।
पुलिस ने थाना स्तर पर टीम गठित कर चोरी गई मोटरसाइकिल एवं आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल सुनील चाहर तथा कांस्टेबल जितेंद्र, रवि सिंह और लाखन सिंह शामिल रहे। टीम ने तकनीकी संसाधनों एवं आसूचना तंत्र की सहायता से संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस ने सागर कुमार धाकड़ को डिटेन कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान सागर ने चिकित्सालय के बाहर से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जुडिशल कस्टडी में भेज दिया गया।