सावन में शिव आराधना: मन्दाकिनी महाकाल मंदिर में विशेष जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और भव्य पुष्प श्रृंगार में उमड़े श्रद्धालु
ललित चावला बिजौलिया | 07 Aug 2026
बिजौलिया। पवित्र सावन मास के अवसर पर मन्दाकिनी महाकाल मंदिर में शुक्रवार को भगवान महाकाल का विशेष जलाभिषेक, रुद्राभिषेक एवं भव्य पुष्प श्रृंगार श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। विद्वान आचार्यों के निर्देशन में भगवान शिव-पार्वती एवं श्री गणेश पूजा के साथ नमकम-चमकम रुद्री पाठ और वैदिक मंत्रोच्चार किया गया। श्रद्धालुओं ने दूध, दही, घी, मधु, शक्कर एवं पवित्र जल से भगवान महाकाल का अभिषेक कर क्षेत्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
25 वर्षों से जारी है सावन की परंपरा
मंदिर समिति से जुड़े श्रद्धालु सुनील जोशी ने बताया कि मन्दाकिनी महाकाल मंदिर में पिछले 25 वर्षों से सावन मास के दौरान अखंड रामायण पाठ एवं विशेष अभिषेक की परंपरा जारी है। इस वर्ष भी अखंड रामायण पाठ के साथ प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, आरती और भजन-कीर्तन के आयोजन किए जा रहे हैं।
पुष्प श्रृंगार ने मोहा मन
भगवान महाकाल का आकर्षक पुष्प श्रृंगार और मंदिर में की गई दीप सज्जा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। बड़ी संख्या में भक्तों ने भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई।