LIVE 31 तारीख नामांकन का आखिरी मौका : 6 आवेदन जमा; 300 फॉर्म लिए गए, रविवार को रहेगा अवकाश
ललित चावला बिजौलिया | 29 Aug 2026
बिजौलिया। नगर पालिका चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन शनिवार को एसडीएम कार्यालय में चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशियों और समर्थकों की भीड़ नजर आई। नामांकन दाखिल करने के साथ ही संभावित प्रत्याशियों ने चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम छोटू लाल शर्मा ने बताया कि शनिवार को कुल 6 नामांकन आवेदन प्राप्त हुए, जबकि करीब 300 आवेदन पत्र प्रत्याशियों द्वारा लिए जा चुके हैं। रविवार को अवकाश होने के कारण नामांकन प्रक्रिया बंद रहेगी। ऐसे में अब उम्मीदवारों के पास नामांकन दाखिल करने के लिए 31 अगस्त का अंतिम दिन ही शेष रहेगा।
31 अगस्त नामांकन की आखिरी डेट
नगर पालिका के 25 वार्डों में चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार 31 अगस्त को सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। प्रशासन ने एसडीएम कार्यालय परिसर में प्रत्याशियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित की है। यहां उम्मीदवारों को नामांकन प्रक्रिया, दस्तावेज और अन्य आवश्यक औपचारिकताओं की जानकारी दी जा रही है। नामांकन के लिए हेल्प डेस्क, फॉर्म के लिए अलग काउंटर है।
उम्मीदवार पहले निर्धारित नामांकन पत्र प्राप्त कर उसे नियमानुसार भरेंगे। इसके बाद आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज पूरे करने के बाद तय प्रारूप में नामांकन पत्र एसडीएम कार्यालय में जमा कराया जा सकेगा। एसडीएम छोटू लाल शर्मा ने बताया कि उम्मीदवारों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क के माध्यम से पूरी प्रक्रिया की जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि नामांकन पत्र जमा करते समय किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सामान्य वर्ग के पुरुष प्रत्याशी के लिए 2 हजार, आरक्षित वर्ग व महिलाओं के लिए 1 हजार जमानत नामांकन पत्र जमा कराने के दौरान प्रत्याशियों को निर्धारित जमानत राशि भी जमा करनी होगी। सामान्य वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए 2 हजार रुपए, जबकि एससी, एसटी एवं ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों तथा किसी भी वर्ग की महिला प्रत्याशियों के लिए 1 हजार रुपए जमानत राशि निर्धारित है। जमानत राशि जमा कराने के बाद उम्मीदवारों को उसकी रसीद सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। एसडीएम के अनुसार निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के तहत जमानत राशि वापस की जाएगी।
दूसरे वार्ड से चुनाव लड़ने पर प्रस्तावकों की जानकारी जरूरी
यदि किसी प्रत्याशी का नाम किसी दूसरे वार्ड की मतदाता सूची में दर्ज है और वह किसी अन्य वार्ड से चुनाव लड़ना चाहता है, तो उसे संबंधित वार्ड के प्रस्तावकों की आवश्यक जानकारी नामांकन पत्र के साथ प्रस्तुत करनी होगी। सामान्य वर्ग के लिए 5, आरक्षित वर्ग के लिए 2 प्रस्तावक दूसरे वार्ड से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के लिए प्रस्तावकों की संख्या भी वर्ग के अनुसार निर्धारित है। सामान्य वर्ग के उम्मीदवार के लिए 5 प्रस्तावक, जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवार के लिए 2 प्रस्तावक जरूरी होंगे। नामांकन पत्र जमा करते समय प्रस्तावकों से संबंधित आवश्यक जानकारी भी प्रस्तुत करनी होगी।
चुनाव कार्यक्रम एक नजर में
प्रक्रिया तारीख नामांकन शुरू 27 अगस्त नामांकन की अंतिम तारीख 31 अगस्त नाम वापसी 3 सितंबर तक मतदान 11 सितंबर मतगणना और रिजल्ट 14 सितंबर 31 अगस्त को अंतिम दिन होने के कारण नामांकन केंद्र पर बढ़ सकती है भीड़ रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को नामांकन का अंतिम दिन रहेगा। ऐसे में बड़ी संख्या में संभावित प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करने पहुंचने की संभावना है। प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने के लिए हेल्प डेस्क और अलग-अलग काउंटर की व्यवस्था की है। अब सभी की निगाहें अंतिम दिन दाखिल होने वाले नामांकन और चुनाव मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर पर टिकी हैं। हालांकि अब तक दोनों प्रमुख दलों ने अपने अपने प्रत्याशियों की लिस्ट जारी नहीं की है।