LIVE नामांकन के आखिरी दिन उमड़ा जनसैलाब: 25 वार्डों की जंग में आखिरी दिन दिखा दमखम, समर्थकों के हुजूम के साथ पहुंचे प्रत्याशी
ललित चावला बिजौलिया | 31 Aug 2026
बिजौलिया। नगर पालिका चुनाव को लेकर सोमवार को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन होने से एसडीएम कार्यालय परिसर में सुबह से ही दावेदारों, प्रस्तावकों और समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली। नामांकन की अंतिम तारीख होने के कारण बड़ी संख्या में प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। इससे एसडीएम कार्यालय के आसपास दिनभर चुनावी माहौल बना रहा।
नगर पालिका के 25 वार्डों में होने वाले चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही नामांकन प्रक्रिया का आज अंतिम पड़ाव रहा। नामांकन दाखिल करने के लिए प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे।
अंतिम दिन बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी
नामांकन के आखिरी दिन सबसे ज्यादा हलचल उन वार्डों में देखने को मिली, जहां प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। कई वार्डों में टिकट नहीं मिलने के बाद दावेदारों द्वारा निर्दलीय चुनाव लड़ने की चर्चाओं ने भी चुनावी समीकरणों को रोचक बना दिया है।
नामांकन के बाद तस्वीर होगी साफ
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब निर्वाचन विभाग द्वारा प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने पर चुनाव मैदान में वास्तविक रूप से डटे प्रत्याशियों की तस्वीर साफ होगी। इसके साथ ही 25 वार्डों में मुकाबले को लेकर राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की रणनीति भी स्पष्ट होने लगेगी।
नगर पालिका चुनाव पहली बार होने के कारण इस बार स्थानीय स्तर पर चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अध्यक्ष पद महिला अनारक्षित होने के चलते पार्षद पद के साथ-साथ अध्यक्ष पद की दौड़ को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं। अब नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी की निगाहें नामांकन जांच और नाम वापसी के बाद सामने आने वाली अंतिम प्रत्याशी सूची पर टिकी हैं। इसके बाद ही प्रत्येक वार्ड में मुकाबले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।