LIVE नाम वापसी के लिए तीन दिन का मौका: 4 सितंबर को मिलेंगे चुनाव चिन्ह
ललित चावला बिजौलिया | 01 Sep 2026
बिजौलिया। नगर पालिका चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब नाम वापसी का दौर शुरू हो गया है। चुनाव मैदान में उतरे उम्मीदवारों को नामांकन वापस लेने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। नगर पालिका के 25 वार्डों में सोमवार को कुल 205 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। एसडीएम छोटू लाल शर्मा ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 से 3 सितंबर तक सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक इच्छुक उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकेंगे।
4 सितंबर को स्वतंत्र प्रत्याशियों को मिलेंगे चुनाव चिन्ह
नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद 4 सितंबर को चुनाव मैदान में बचे निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रत्येक वार्ड में मुकाबले की स्थिति और प्रत्याशियों की अंतिम सूची भी स्पष्ट हो जाएगी। उम्मीदवार निर्धारित समय के दौरान पहुंचकर नियमानुसार अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। नामांकन दाखिल होने के बाद अब सभी राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों की नजर नाम वापसी पर टिकी है। नाम वापसी के बाद ही प्रत्येक वार्ड में चुनावी मुकाबले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी और इसके बाद प्रत्याशी प्रचार अभियान को गति देंगे।